
नगवाईं (मंडी)। औट के नजदीक एक गांव में पंजाबी युवकों ने नशीला प्रसाद खिलाकर नकदी, ज्वेलरी तथा घर से अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घर पर दोनों महिलाएं मौजूद थी। इनमें एक मालकिन तो दूसरी किरायेदार है। पंजाबी युवकों ने दोनों महिलाआें को प्रसाद खिलाया, जिसे खाकर वे अचेत हो गईं। इसके बाद युवकों ने घर में सेंधमारी कर दी। पुलिस ने भादसं की धारा 328, 382 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोर किराये के लिए कमरा लेने के बहाने आए थे। जिनमें एक ने अपना नाम जसविंद्र तथा दूसरे ने राहुल दोनों निवासी भठिंडा पटियाला (पंजाब) बताया। अगले ही दिन दोनों ने नशीला प्रसाद खिलाकर घर पर सेंधमारी कर दी। शिकायत कंचन छंदूग की तरफ से दर्ज करवाई गई है। पुलिस के मुताबिक चोर पांच हजार की नकदी, जेवरात, एक मोबाइल तथा डीवीडी ले उड़े। दोनों महिलाएं फिलहाल ज्यादा कुछ बोलने की स्थिति में नहीं हैं। जिससे चोरी हुए जेवरात की कीमत के बारे में पता नहीं चल सका है। दोनों महिलाएं जोनल अस्पताल कुल्लू में उपचाराधीन हैं। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन कर रही है।
