नशा छोड़ना है तो पीएचसी नगवाईं आओ

नगवाईं (मंडी)। नशे की बुरी आदत को छोड़ना है तो बिना देरी पीएचसी नगवाईं चले आओ। यहां नशा निवारण केंद्र में नशे की लत छुड़ाने के लिए बेहतरीन उपचार चल रहा है। नशे के आदी हो चुके लोगों को यह केंद्र छुटकारा दिलाने में कामयाब हो रहा है। तीन माह के भीतर केंद्र के माध्यम से 12 लोग नशा छोड़ चुके हैं, जबकि 28 लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है।
नगवाईं पीएचसी के प्रभारी डा. सत्यव्रत वैद्य ने तीन माह पहले बंगलूरू से नशा निवारण का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने नशा निवारण केंद्र के माध्यम से नशे की बुरी आदत में फंसे लोगों को नशा छुड़वाने का काम भी शुरू किया। अभी तक इस केंद्र में 12 लोग नशे की आदत से छुटकारा पा चुके हैं। जिनमें एक महिला भी शामिल है।
डा. सत्यव्रत वैद्य ने बताया कि अभी तक पनारसा के दौलत राम, बजौरा के भरत कुमार, झीड़ी के महेशरू राम, कोटाधार की लुबधी देवी, पनारसा के पवन कुमार, हुंसू के तरुण कुमार, सैंज से चुन्नी लाल तथा डोले सिंह, बालू के विक्रम, टकोली से होशियार सिंह तथा बदीरण के धर्म चंद को नशा निवारण केंद्र से नशे की लत से मुक्ति मिली है। केंद्र में कुल 28 केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। बीपीएल परिवारों के मरीजों के लिए नशा निवारण केंद्र में दवाइयां फ्री में उपलब्ध करवाई जा रही हैं। केंद्र में नशा निवारण के साथ मानसिक रोगियों और अन्य परेशानियों का इलाज भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सिगरेट स्मोकिंग, भांग, अफीम, शराब आदि विभिन्न प्रकार का नशा करने वाले लोगों का इलाज किया जा रहा है।

Related posts