नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा

गदरपुर। डिलीवरी को लाई गई प्रसूता के नवजात शिशु की मौत पर परिजनों ने सीएचसी में जमकर हंगामा काटा। गुस्साए परिजनों ने सीएचसी प्रभारी से लापरवाही बरतने वाली आशा, नर्स, आया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को सीएचसी पहुंचे ग्राम रोशनपुर निवासी राजेंद्र कुमार ने परिजनों, ग्रामीणों के साथ जमकर हंगामा काटा। उनका कहना था कि बीती 26 मई की रात्रि करीब नौ बजे वह अपनी गर्भवती पत्नी किरन देवी को सीएचसी लाया। 27 मई को सुबह करीब नौ बजे उसकी पत्नी ने नवजात शिशु को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद ही नवजात शिशु को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफ र कर दिया गया। हल्द्वानी ले जाने पर सुशीला तिवारी के चिकित्सकों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र कुमार ने हंगामा काटते हुए संबंधित आशा, नर्स, आया आदि को नवजात की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए लापरवाही का आरोप लगाया। आरोप था कि डिलीवरी से पूर्व संबंधित आशा, नर्स, आया द्वारा सही देखभाल न करने पर नवजात की मौत हुई। राजेंद्र कुमार, उसके परिजनों ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. वैंकटेग द्विवेदी से लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। सीएचसी प्रभारी डा. वेंकटेग द्विवेदी के मुताबिक नवजात की धड़कन कम होने के कारण ही नवजात को रेफ र किया गया। कहा बावजूद मामले की जांच की जाएगी। इधर सीएमओ डा. आरके सिन्हा के मुताबिक मामले की जांच की जाएगी। जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Related posts