
बिलासपुर। राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेले का कारोबार चौपट हो गया है। उत्सव के शुरुआती चार दिन तक तो कारोबार न के बराबर रहा। इस दौरान लोगों की भीड़ नहीं जुटी। अगले तीन दिन में कारोबार ने कुछ जोर पकड़ा तो मौसम ने खलल डाल दिया। रविवार को छुट्टी होने के कारण नलवाड़ी मेले के लिए लुहणू मैदान में सजी हाट-बाट में जमकर खरीददारी होने की उम्मीद थी, मगर ऐसा नहीं हुआ। रविवार सुबह से ही बिलासपुर में बारिश हो रही है। दोपहर को हालांकि कुछ देर मौसम खुलने से लोगों को राहत मिली। खरीददारी को छुटपुट लोग लुहणू मैदान पहुंचे, लेकिन मौसम ने फिर लोगों को खरीददारी नहीं करने दी। बारिश के कारण मैदान में कीचड़ भर गया है। अधिकतर कारोबारियों को अपनी दुकान बंद रखनी पड़ी। कारोबारियों को मुनाफा तो दूर प्लाट आवंटन के लिए चुकाई गई राशि तक पूरा करना मुश्किल हो गया है। झूला मार्केट हो या फिर हॉजरी। रेडिमेंट गारमेंट से लेकर हर कारोबार से जुडे़ लोग मंदी के चलते चिंतित हैं। उज्जैन से आए कारोबार रोहित दुबे ने कहा कि इस साल नलवाड़ी मेले में काम नहीं हुआ। एक तो प्लाट महंगे मिले हैं, ऊपर से मौसम ने कारोबार बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। उत्तर प्रदेश से आए लक्ष्मण यादव ने बताया कि इस साल कारोबार नाममात्र रहा। कमाई तो जरूर आने-जाने का खर्चा और प्लाट की कीमत चुकाना भी मुश्किल हो गया है। अन्य कारोबारियों का भी यही हाल रहा। शरद, राजपूत, देवेश, विक्की, बाबू ने कहा कि इस साल कारोबार ठीक नहीं हुआ है। मेले में खरीददारी खास नहीं हुई। अब मेले के बाद खरीददारी की उम्मीद थी, लेकिन मौसम खराब हो गया। शहर के हेमंत ने कहा कि वह कुछ खरीददारी के लिए शहर से लुहणू मैदान पहुंचे। अधिकतर दुकानें बंद थीं, जो दुकानें खुली थीं, वहां भी नाममात्र भीड़ देखी गई।
