
आयकर विभाग ने संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम देते हुए शहर के जनजीवन व मातृ छाया नर्सिंग होम पर छापा मारा। दोनों नर्सिंग होम के कंप्यूटर व दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। आयकर के छापे से शहर के अन्य नर्सिंग होम में हड़कंप की स्थिति रही। देर शाम तक टीम की कार्रवाई जारी रही।
बृहस्पतिवार को इनकम टैक्स विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर एमएन मिनास के नेतृत्व में हरिद्वार, ऋषिकेश व रुड़की की टीम प्रेम नगर आश्रम, न्यू हरिद्वार कालोनी स्थित मातृ छाया नर्सिंग होम पहुंची। टीम ने अस्पताल के दस्तावेज खंगालना शुरू किए। मरीजों की आमद को भी बारीकी से जांच की गई। नर्सिंग होम के कंप्यूटर भी कब्जे में ले लिए। इसके बाद टीम लक्सर मार्ग के जनजीवन नर्सिंग होम पहुंची।
नर्सिंग होम में मरीजों की आमद की जानकारी जुटाई। यहां से भी कंप्यूटर कब्जे में ले लिया गया। सूत्रों की माने को नर्सिंग होम द्वारा इनकम टैक्स जमा करने में हेराफेरी की आशंका है, जिसके चलते यह कार्रवाई हुई है। आयकर के छापे से शहर के नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम में सहायक कमिश्नर आरजे द्विवेदी, आईटीओ ऋषिकेश एमएल कुरील, आयकर निरीक्षक धर्म सिंह आदि शामिल रहे।
मेडिकल स्टोर भी रहे निशाने पर
छापा मारने आई आयकर टीम ने नर्सिंग होमों के मेडिकल स्टोरों की भी जांच की। मेडिकल स्टोरों से रोजाना की ब्रिकी पर भी निगाह गढ़ाई गई। सूत्रों के मुताबिक मेडिकल स्टोर का भी पूरा लेखा जोखा कब्जे में लिया गया है।
डॉक्टरों से भी हो सकती है पूछताछ
छापे के दायरे में आए नर्सिंग होमों में सेवाएं देने वाले डॉक्टरों से भी पूछताछ हो सकती है। आयकर विभाग के सूत्रों की माने तो सेवा देने वाले डॉक्टरों से उनको मिलने वाला शुल्क पूछताछ का मुख्य बिंदु होगा।
