
चंबा। जिला उद्यान अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के चुनाव उद्यान विभाग के सभागार में हुए। इसमें उद्यान विभाग कर्मचारी महासंघ के राज्य प्रधान राजीव चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। चुनाव रिटर्निंग आफिसर ईश्वर सिंह की देख-रेख में हुए। उद्यान विभाग के कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से नरेंद्र कुमार को लगातार 8 वीं बार जिला महासंघ का प्रधान चुना। मदन कुमार को वरिष्ठ उपप्रधान, जीवन सिंह राणा को जिला महासचिव मनोनीत किया गया। राज्य प्रधान द्वारा जिला कार्यकारिणी के सदस्यों को शपथ दिलाई गई। नवनिर्वाचित कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान नरेंद्र कुमार ने उद्यान विभाग के समस्त कर्मचारियों का समर्थन देने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को निपटाने के लिए सदैव प्राथमिकता दी जाएगी। कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा जाएगा। नरेंद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारी हितों से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूर्ण करवाने के लिए संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर राज्य अध्यक्ष राजीव चौहान ने कहा कि कर्मचारियों की सहमति और निष्पक्षता से चुनाव आयोजित किए गए हैं। उन्होंने नरेंद्र कुमार को लगातार आठवीं बार प्रधान चुने जाने पर बधाई दी है।
सरणो बने चतुर्थ श्रेणी महासंघ के प्रधान
उद्यान विभाग के चतुर्थ श्रेणी महासंघ के चुनाव महासंघ के राज्य अध्यक्ष खाची की अध्यक्षता में हुए। इसमें सरणो को संघ का जिला प्रधान तथा प्रवीण कुमारी को महासचिव चुना गया। इस अवसर पर काफी संख्या में उद्यान विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
