
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने भी प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी के लिए नरेंद्र मोदी के नाम पर अडंगा डाल दिया है। एक अग्रेजी दैनिक ने भाजपा के सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि शिवराज चाहते हैं कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मोदी को पीएम उम्मीदवार घोषित न किया जाए।
सूत्रों की मानें तो चौहान ने अपनी यह इच्छा पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और संघ प्रमुख मोहन भागवत को भी बता दी है। चौहान का तर्क है कि मोदी को पीएम उम्मीदवार घोषित करने से आगामी विधानसभा चुनावों में ध्रुवीकरण हो सकता है जिससे मध्य प्रदेश में भाजपा चुनाव हार भी सकती है।
चौहान नहीं चाहते कि मोदी को इस वक्त भाजपा अपना उम्मीदवार घोषित करे क्योंकि इससे भाजपा के करीब आए मुस्लिम वोटर दूर हो जाएंगे। मध्य प्रदेश में करीब 7 पर्सेंट मुस्लिम वोटर हैं। गौरतलब है कि चौहान ने खुद की मुस्लिम फ्रेंडली इमेज बनाने की कोशिश भी की है। ईद और दूसरे मुस्लिम त्योहारों पर वह भाग लेते रहे हैं।
चौहान ने कहा है कि कांग्रेस की तरफ से ज्योतिरादित्य सिंधिया को आगे लाना भी भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है और ऐसे में अगर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण होता है, तो पार्टी को बड़ा खामियाजा उठाना पड़ सकता है।
