नयनादेवी मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण

नयनादेवी (बिलासपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं विस्तारीकरण होगा। मंदिर के क्षेत्र के विस्तार और सौंदर्यीकरण पर 5.26 करोड़ की राशि मंदिर ट्रस्ट खर्च करेगा। शुक्रवार को आयोजित ट्रस्ट की बैठक में इस साल का बजट पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम एवं मंदिर न्यास के अध्यक्ष एमएल मेहता ने की।
मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विस्तारीकरण के तहत यह भी निर्णय लिया गया है कि देवी की प्रतिष्ठित प्राचीन मूर्ति से छेड़छाड़ नहीं होगी। मंदिर के भीतर पुजारी कक्ष का विस्तार होगा। देवी के कपाली कुंड पर बहुद्देश्य सामुदायिक भवन भवन बनेगा। इसमें श्रद्धालुओं सहित स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। साढे़ 24 करोड़ में से 21 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। प्रशासनिक कार्यों पर डेढ़ करोड़ की राशि महज कर्मचारियों के वेतन पर खर्च होगी। पौने दो करोड़ मंदिर के आसपास के भवनों के रखरखाव पर खर्च होंगे। मेलों के दौरान जरूरी प्रबंधों के लिए 60 लाख, लंगर के लिए डेढ़ करोड़, मातृ आंचल गेस्ट हाउस पर दस लाख और मातृ शरण के रखरखाव पर आठ लाख रुपए खर्च होंगे। गुफा में श्रद्धालुओं की सुविधा पर पांच लाख, सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए एक करोड़ पांच लाख, संस्कृत कालेज क लिए 85 लाख रुपए के बजट का प्रावधान है। एसडीएम एवं मंदिर न्यास के अध्यक्ष डा. एमएल मेहता ने बताया कि बजट में मंदिर की दुकान पर लगभग डेढ़ करोड़ खर्च करने का प्रावधान है।

Related posts