
स्वारघाट (बिलासपुर)। नयनादेवी मंडल भाजपा ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग की दयनीय हालत को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ मोरचा खोल दिया है। इसके तहत वीरवार को स्थानीय विधायक एवं भाजपा के प्रदेश महासचिव रणधीर शर्मा की अगुवाई में स्वारघाट से पदयात्रा शुरू कर दी गई। लगभग 40 किलोमीटर की दूरी तय करके पदयात्रा 27 अप्रैल को बिलासपुर पहुंचेगी।
वीरवार को स्वारघाट में पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर अपने संबोधन में रणधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के उपेक्षित रवैये के कारण एनएच-21 की सूरत बुरी तरह से बिगड़ गई है। जगह-जगह गड्ढों के चलते वाहन चालकों को कई बार परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क पर वाहन चलाना बेहद जोखिमपूर्ण साबित हो रहा है। लोगों को ट्रैफिक जाम व प्रदूषण की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है।
रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकाल में पिछले साल एनएच की हालत सुधारने के लिए 16 करोड़ रुपए की डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को भेजी गई थी, लेकिन राजनीतिक द्वेष की भावना से उसे मंजूरी नहीं दी गई। पूर्व सरकार स्टेट हेड से बजट का प्रावधान करके इसकी मरम्मत करवाती रही, लेकिन कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद इसकी सुध नहीं ली। एनएच की इस हालत से स्थानीय लोगों, वाहन चालकों व ट्रक आपरेटराें को तो परेशानी हो ही रही है। पर्यटक भी प्रदेश से मुंह मोड़ने लगे हैं। सरकार की आंखें खोलने के लिए पदयात्रा शुरू की गई, लेकिन सरकार के नुमाइंदों ने इस पर भी राजनीति शुरू कर दी है। बेतुकी बयानबाजी से लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन जनता हकीकत जानती है। लोस चुनाव में कांग्रेस को इसका अहसास हो जाएगा। इस मौके पर दौलतराम ठाकुर, आशुतोष शर्मा, बाबा रणजीत सिंह, रामकुमार शर्मा, कैप्टन चौधरीराम ठाकुर, बृजलाल ठाकुर, जगतराम ठाकुर, प्रकाश चंद ठाकुर, रोशन लाल ठाकुर, रूपलाल शर्मा व बालकृष्ण ठाकुर समेत बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे। वीरवार को जामली में रात्रि ठहराव के बाद पदयात्रा शुक्रवार सुबह आगे के लिए कूच करेगी
