
कुल्लू। भाजपा पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली पर बर्फ की सफेद चांदी भारी पड़ गई। जिला कुल्लू के चार मंडलों से भाजपा ने दस हजार कार्यकर्ताओं के जाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन जिले में बंद साठ से अधिक सड़कों की वजह से मात्र दो हजार के करीब कार्यकर्ता ही जा सके। आनी भाजपा मंडल ने मोदी की रैली के लिए 120 वाहनों की व्यवस्था की थी, लेकिन इसकी एवज में मात्र 20 वाहन ही सुजानपुर रैली के लिए रवाना हो पाए हैं। बर्फबारी से सबसे अधिक प्रभावित बंजार, मनाली तथा आनी विस क्षेत्र हैं। यहां के अधिकतर ग्रामीण रूट भारी बर्फबारी के चलते बंद हैं। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ता तथा मोदी प्रशंसक भाषण व मोदी का दीदार करने से वंचित रह गए। मोदी की रैली को जा रहे आनी भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर ठाकुर का वाहन बर्फ के बीच स्किड हो गया है। उन्होंने कहा कि आनी विस क्षेत्र से मोदी की रैली में 120 वाहन जाने वाले थे, लेकिन इलाके में हुई भारी बर्फबारी तथा सड़कों के बंद होने से क्षेत्र के ऊपरी इलाकों के भाजपा कार्यकर्ता रैली में शरीक नहीं हो सके हैं।
