
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद बद्दी में कर्मचारियों और अधिकारियों की लेट लतीफी को लेकर भाजयुमो ने मोर्चा खोल दिया है और मोर्चा के पदाधिकारियों ने बुधवार को दस बजे ही परिषद कार्यालय में डेरा डाल लिया। ऐसे में कार्यालय में काम करवाने के लिए लोग तो पहुंच गए थे लेकिन मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
जिला महामंत्री श्रवण चंदेल व मंडल अध्यक्ष संजीव ठाकुर, तरसेम चौधरी ने बताया कि नगर परिषद में काम न होने व कर्मचारियों के नदारद रहने की समस्या लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने टीम के साथ कार्यालय का दौरा किया। अधिकांश कर्मचारी 11 बजे कार्यालय पहुंचे और लोग परेशान होते रहे।
मौके पर उपस्थित कर्मचारी ने बताया कि कार्यकारी अधिकारी बद्दी के पास नालागढ़ का अतिरिक्त प्रभार है और बुधवार को वह नालागढ़ में हैं वहीं एक महिला कर्मचारी मेडिकल लीव पर हैं। अपना काम करवाने के लिए आए गुलशन के अनुसार भवन का नक्शा पास करवाने के लिए दो साल पहले आवेदन दिया था लेकिन न तो नक्शा पास हुआ और न ही आज तक फाइल मिली। श्रवण चंदेल ने आरोप लगाया कि अगर परिषद अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रही है इसलिए सरकार को इसको तुरंत भंग करके बीबीएनडीए को प्रभार सौंप देना चाहिए।
वहीं इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुधीर शर्मा के अनुसार उनके पास दो नगर परिषदों का प्रभार है और बुधवार को वे नालागढ़ जाकर बद्दी पहुंचे हैं। अगर कोई कर्मचारी लेट आता है या अपने काम में कोताही बरतता है तो उसको बख्शा नहीं जाएगा। वहीं नगर परिषद के अध्यक्ष चौधरी मदन लाल ने बताया कि नगर परिषद की जेई व लिपिक बिलांवाली में बरसाती पानी से क्षतिग्रस्त हुए नाला की जांच करने गए हुए थे। जिसके चलते 11 बजे के बाद ही कार्यालय पहुंचे।
