नप मजदूरों को पक्का न करने पर भड़का मजदूर संघ

चंबा। जिला मजदूर संघ नप चंबा के अध्यक्ष जय सिंह ने नगर परिषद चंबा में वर्षों से तैनात मजदूरों को नियमित न किए जाने को लेकर 12 जुलाई से भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। उन्होंने उपायुक्त संदीप कदम को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि नप चंबा में कई मजदूर तो रिटायरमेंट की आयु तक पहुंच चुके हैं, मगर इन्हें पक्का नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबध में जिला मजदूर संघ ने कई बार ज्ञापन सौंप कर प्रशासन व नप से अनुरोध किया है, मगर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इस मामले में हमेशा टालमटौल की जाती रही है।
उन्होंने कहा कि नप व प्रशासन ने हमेशा ही इन मजदूरों के हकों की अनदेखी की है और संघ को भी गुमराह किया है। अब मजदूर संघ गरीब मजदूरों के साथ हो रहे अन्याय को सहन नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि संघ ने निर्णय लिया है कि प्रशासन की तानाशाही व नप के ढुलमुल रवैया के खिलाफ जिला मजदूर संघ उपायुक्त कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल शुरू करेगा। फिर भी नप न जागी तो इस आंदोलन को पूरे प्रदेश तक ले जाया जाएगा। भूख हड़ताल 12 जुलाई से सुबह दस बजे उपायुक्त कार्यालय के बाहर शुरू की जाएगी। इस अवसर पर उनके साथ सुरेश कुमार, ब्रह्मा, अशोक, देसो, राज व हंसराज सहित अन्य मजदूर उपस्थित थे।

Related posts