नप क्षेत्र में विकास कार्यों पर खर्च होंगे 52 लाख : सोहन

सुंदरनगर (मंडी)। शहर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर परिषद ने कवायद तेज कर दी है। नगर परिषद ने शहर के विभिन्न वार्डों में लोगों के घरों से निकलने वाले कचरे को एकत्रित करने के लिए दो मिनी ट्रैक्टर खरीदे हैं। जिन्हें मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने जनता को समर्पित किया। उन्होंने नगर परिषद की मासिक बैठक में भी शिरकत की तथा विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में इस वर्ष विभिन्न विकास कार्यों पर 52 लाख की राशि खर्च की जाएगी। जिसमें से 26 लाख कूडा-कचरा प्रबंधन कार्य पर व्यय होंगे। नगर परिषद के ट्रैक्टर क्षेत्र के घर-घर जाकर कूडा-कचरा इकट्ठा करेंगे। जिसके लिए प्रत्येक परिवार को 20 रुपये हर माह अदा करने होंगे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग दें। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को समुचित आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए निर्मित आवासों के ऊपर बहुमंजिला भवन बनाने के लिए प्रारूप तैयार करने के निर्देश भी नगर परिषद अधिकारियों को दिए। इस मौके पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष नरेश सेन ने बताया कि ट्रैक्टर सुबह के समय भोजपुर बाजार होते हुए सुपर बाजार, पुराना बस अड्डा, अंबेडकर नगर, खरीहड़ी, वनायक पुराना बाजार, स्वाड़ मोहल्ला, चौगान व चांगर से घरेलू कूड़ा कचरा एकत्रित कर चांदपुर स्थित डंपिंग साइट पर ले जाकर फेंकेंगे। जिससे सुंदरनगर शहर को सुंदर बनाने में सहयोग मिल सके। नगर परिषद अध्यक्ष गिरिजा गौतम, कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया, पार्षद कमल कुमार, तुलेंद्र कुमार, अरुण आर्य, अजय शर्मा, राजेंद्र कुमार, रक्षा धीमान, सुनीता देवी, सुमन, पुष्पा देवी, वीना कुमारी, दीपक कुमार, कल्पना देवी व कृष्णा देवी आदि उपस्थित रहे।

Related posts