
शिमला। बिहार में दोपहर भोजन खाने से हुई छात्रों की मौत के बाद शिक्षा महकमा चौकस हो गया है। स्कूलों में परोसे जा रहे मिड डे मील की गुणवत्ता और साफ सफाई सहित हर तरह की ऐहतियात बरतने के लिए ब्लॉक स्तरीय एलीमेंटरी एजूकेशन अफसरों को और सतर्क रहना होगा। लापरवाही पर कार्रवाई भी हो सकती है। बरसात के सीजन में फूड प्वायजनिंग की संभावनाओं को देखते हुए उप निदेशक ने बीईईओ को निर्देश जारी किए हैं कि वे हर स्कूल में जा कर मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि खाने में किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
दोपहर का भोजन बनाने में साफ सफाई को सुनिश्चित किया जाए। उप निदेशक टीसी वर्मा ने इसके लिए सीएमओ शिमला को भी पत्र लिखकर सहयोग मांगा है। उन्होंने सप्ताह में दो बार हर स्कूल में किचन की साफ सफाई से लेकर खाना बनाने की प्रक्रिया तथा खाने के पोषक तत्वों की जांच के लिए स्टाफ तैनात करने का आग्रह किया है। उप निदेशक ने सभी ब्लॉक के बीईईओ को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि दोपहर भोजन में यदि लापरवाही सामने आती है तो इसके लिए संबंधित स्कूलों के शिक्षक और बीईईओ जिम्मेदार होंगे। इनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी जिला स्तर पर विशेष कमेटी बनाकर स्कूलों में मिड डे मील की मॉनिटरिंग करवा रहे है और स्वयं भी स्कूलों में जाएंगे।
—
18001808770 टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत
शिमला। दोपहर भोजन में किसी भी तरह की गड़बड़ी या साफ सफाई और खाने की गुणवत्ता को लेकर यदि कोई भी शिकायत है, तो कोई भी निदेशालय स्तर पर उपलब्ध करवाए गए टोल फ्री नंबर18001808770 पर शिकायत कर सकते है।
