ननहार में बाढ़ से लाखों का नुकसान

चौपाल (शिमला)। ग्राम पंचायत ननहार के गांव जबना के छारकी नाला में भारी बारिश के चलते शनिवार रात बाढ़ आ गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि बाढ़ से लाखों रुपयों की संपत्ति पानी के साथ बह गई। नाले में पानी की मात्रा इतनी अधिक थी कि बागवानों के सेब बगीचे और नर्सरी पानी में बह गए। प्रशासन की ओर से एसडीएम चौपाल ने घटना स्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को दिनभर वर्षा का सिलसिला चलता रहा। इससे शनिवार रात करीब 11 बजे छारकी नाले में बाढ़ आ गई। नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि आसपास के बगीचों में सेब के पौधे और नर्सरी पानी के साथ बह गए। बाढ़ से विद्यानंद शर्मा के सेब के चालीस पौधे, प्रदीप शर्मा के तीस और सेब की नर्सरी को नुकसान पहुंचा है। गोपाल सिंह के करीब सवा सौ सेब के फलदार पौधे पानी के साथ बह गए। इसके अलावा क्षेत्र को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग सहित पानी की पाइप लाइनों को भी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ के कारण करीब दस गांवों को जोड़ने वाली सड़क आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे सोमवार को दुरुस्त कर दिया गया है। इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है। एसडीएम चौपाल कृष्ण चंद ने बताया कि उन्होंने मौके का जायजा लिया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी जाएगी। पंचायत समिति चौपाल के अध्यक्ष अधिवक्ता सुरेंद्र मोहन मेहता, प्रधान ग्राम पंचायत ननहार हेमलता शर्मा, श्याम शर्मा तथा दिनेश मेहता ने प्रभावितों को प्रशासन से सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सीमा मेहता ने बाढ़ प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग उठाई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि शीघ्र नुकसान का आकलन किया जाए।
चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा तथा पूर्व विधायक डॉ. सुभाष मंगलेट ने कहा कि प्रशासन को प्रभावितों के नुकसान का आकलन करने के निर्देश दे दिए गए हैं तथा उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Related posts