
रामपुर बुशहर। ननखड़ी ब्लॉक के खड़ाहण में आखिरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खुल ही गया। कांग्रेस ने यहां आईटीआई खोलकर पूर्व भाजपा सरकार की घोषणा पर अमल किया है। खड़ाहण में आईटीआई की घोषणा पूर्व सरकार ने चुनावी वर्ष में की थी। फिलहाल, यहां इलेक्ट्रीशियन और मेकेनिकल मोटर व्हीकल ट्रेड में पढ़ाई शुरू हो गई है। जल्द यहां तीन और नए ट्रेड भी शुरू होंगे।
आईटीआई रामपुर के प्रधानाचार्य राकेश कपूर ने खड़ाहण में आईटीआई खुलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खड़ाहण पंचायत के प्रधान जगत भंडारी ने शनिवार को आईटीआई का शुभारंभ किया। निजी भवन को किराये पर लेकर आईटीआई शुरू करवाई गई है। यहां इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के दो यूनिट और मेकेनिक मोटर व्हीकल का एक यूनिट शुरू किया गया है। इलेक्ट्रीशिन के दो यूनिटों में 42 और मेकेनिक मोटर व्हीकल के एक यूनिट में 21 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इनमें अधिकांश विद्यार्थी ननखड़ी ब्लॉक से ताल्लुक रखते हैं। यहां तीन और ट्रेड शुरू किए जाएंगे। इनमें सिलाई कढ़ाई, पलंबर, मेकेनिकल इलेक्ट्रिकल शामिल हो सकते हैं। दो ट्रेड की पढ़ाई को फिलहाल रामपुर आईटीआई से स्टाफ नियुक्त किया गया है। जल्द यहां स्थायी स्टाफ की नियुक्ति होगी। इसके लिए इंटरव्यू कॉल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रामपुर, निरमंड और दलाश आईटीआई में भी जल्द क्लासें शुरू होने वाली हैं। आईटीआई के शुभारंभ पर बतौर मुख्यातिथि शरीक पंचायत प्रधान जगत भंडारी ने सरकार से आईटीआई भवन के लिए जल्द बजट की व्यवस्था की मांग की है। इस अवसर पर बीडीसी सदस्य शिशुपाल, डीडी नेगी, प्रवीण कुमार, दलीप चंद, शोभा राम, गोपाल सिंह, शकुंतला देवी, मशटू देवी, हरि सिंह, बबलू चौहान, सतीश चौहान और लायक राम मौजूद रहे।
