नदी में बहे महिला-पुरुष की हुई पहचान

रुद्रप्रयाग। बृहस्पतिवार शाम को जिला मुख्यालय में हनुमान मंदिर के निकट अलकनंदा नदी में बहे महिला-पुरुष की पहचान हो गई है। इधर, दोनों का अभी तक नदी में पता नहीं चल पाया है। अगस्त्यमुनि पुलिस ने अन्य जिलों की पुलिस को नदी में शव मिलने में सूचना देने की अपील की है।
तहसील जखोली के बुढ़ना लस्या गांव निवासी कुंदी लाल (हाल निवासी संगम बाजार रुद्रप्रयाग) ने नदी में बहे महिला-पुरुष को अपना पुत्र दलजीत (29) और बहू पूनम (24) बताया है। कुंदी लाल रुद्रप्रयाग में जिला सहायक निबंधक कार्यालय में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा दलजीत मुंबई में काम करता था। आठ अगस्त को दलजीत पत्नी के साथ रुद्रप्रयाग उनसे मिलने आया था। कुछ देर बाजार और मंदिर घूमने के बात कहकर दोनों घर से निकले थे। कुंदी लाल ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि हनुमान मंदिर के समीप बहू का नदी में पैद फिसल गया था, जिसे बचाने के लिए बेटा भी नदी में कूदा और दोनों बह गए।

Related posts