
मैकलोडगंज। नड्डी स्थित एक निजी स्कूल में अध्ययनरत विदेशी छात्रा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा के पेट में अचानक तेज दर्द उठा, जिसके बाद फर्स्ट एड देकर उसे धर्मशाला के क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। लेकिन धर्मशाला में उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक नड्डी स्थित एक निजी स्कूल में यूके मूल की बारह साल की आठवीं कक्षा की छात्रा ग्रेस लोक की क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। एसएचओ गुरवचन सिंह के मुताबिक स्कूल के निजी चिकित्सक का कहना है कि छात्रा को स्कूल में अचानक तेज पेट दर्द उठा, जिसके चलते स्कूल प्रबंधन द्वारा छात्रा ग्रेस लोक को स्कूल में ही फर्स्ट एड देकर तुरंत धर्मशाला के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस थाना मैकलोडगंज ने मौके पर कार्यवाही को अमल में लाते हुए रिपोर्ट दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने पर ही ग्रेस लोक की मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
