
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने कहा है कि नगर को स्वच्छ रखने के लिए सभी को मिलजुलकर प्रयास करने होंगे। स्वच्छ हरित अल्मोड़ा नागरिक संगठन (सीसीजीए) द्वारा इसके लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। डीएम जीजीआईसी सभागार में जागरूकता अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। सीसीजीए द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के तहत आज से थपलिया मोहल्ले से कूड़ा एकत्रीकरण की शुरुआत की गई।
डीएम ने कहा कि पहाड़ की सुंदरता को बचाने के लिए जैविक और अजैविक कूड़े को अलग-अलग रखें। पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोेशी, संगठन के सदस्य शेखर लखचौरा, सीसीजीए की अध्यक्ष आशा डिसूजा, दिनेश राज, कर्नल रोहित मिश्रा आदि ने नगर को स्वच्छ हरित और कचरा मुक्त बनाने के सही कूड़ा प्रबंधन, उसके निस्तारण की व्यवस्था करने पर जोर दिया। इस मौके पर नुक्कड़ नाटक भी पेश किया गया।
इससे पूर्व संगठन के सदस्यों, 130 इंफेंट्री बटालियन के जवानों और जीजीआईसी की छात्राओं ने थपलिया मोहल्ले में जाकर कूड़ा एकत्र किया। संस्था की अध्यक्ष आशा डीसूजा ने बताया कि प्रथम चरण में थपलिया मोहल्ले में 100 परिवारों और चौक बाजार में 50 दुकानदारों को दो-दो कूड़ेदान दिए जाएंगे। घरों के निकलने वाले जैविक कूड़े से पातलदेवी में नाडप विधि से जैविक खाद बनाई जाएगी। जबकि अजैविक कूड़े को रिसाइकलिंग के लिए बाहर भेजा जाएगा।
