नगर व्यापार मंडल ने कलेक्ट्रेट में दिया धरना

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा आईटीआई के लापता अनुदेशक गजेंद्र सिंह डसीला का पुलिस दस दिन बाद भी पता नहीं लगा सकी है। पुलिस की कार्य प्रणाली से नाराज लोगों ने नगर व्यापार मंडल के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लापता अनुदेशक का शीघ्र पता लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लापता अनुदेशक का पता चलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि अनुदेशक को लापता हुए दस दिन बीत गए हैं लेकिन पुलिस अब तक उन्हें नहीं खोज सकी है। इससे स्थानीय जनता के साथ ही व्यापारी भी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय साह ने कहा कि पुलिस की कार्य प्रणाली पर लोगों का विश्वास कम हो रहा है और अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि लापता अनुदेशक का शीघ्र पता नहीं चला तो आंदोलन तेज होगा।
धरना और नारेबाजी करने वालों में नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष के अलावा महासचिव दीप जोशी, अभय साह, हरेंद्र वर्मा, अतुल साह, प्रकाश रावत, आशीर्वाद गोस्वामी, आनंद बगडवाल, गोपाल चम्याल, अखिलेश चंद्र, दीप बिष्ट, रियाज अहमद, हिमांशु बिष्ट, बलवंत सिंह, कमल सिंह कोरंगा, डा. जेसी दुर्गापाल, इंद्र सिंह डसीला, गिरधर रौतेला आदि शामिल थे।

Related posts