
पांवटा साहिब (सिरमौर)। नगर परिषद कमेटी ने गुरुद्वारे के समीप से एक दर्जन से ज्यादा रेहड़ी और ठेलियां हटाई। रेहड़ी संचालकों में बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई पर नाराजगी व्याप्त की है।
रेहड़ी संचालक रानी, सतपाल सिंह, चमन सिंह, रोहित सिंह, मेनपाल, तजिंद्र सिंह, हरपाल और मलकीत सिंह ने कहा कि बुधवार देर शाम को नप कमेटी की टीम मौके पर पहुंची। 15 रेहड़ी, काउंटर और ठेली हटवा दी गई। टीम ने सामान उखाड़ना शुरू किया। सामान गाड़ी में डाल कर साथ ले गए। रेहड़ी संचालकों में इस बात से नाराजगी है कि कोई पूर्व सूचना दिए बगैर कार्रवाई की गई। टीम ने इन स्थलों पर भविष्य में रेहड़ी और ठेली न लगाने की भी चेतावनी दी है। रेहड़ी संचालकों का कहना है कि एक तरफ केंद्र सरकार जीविका संरक्षण विधेयक 2012 अधिकार लाने जा रही है। दूसरी तरफ इस तरह उन्हें हटाया जा रहा है।
उधर, नगर परिषद पांवटा के कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी ने कहा कि धार्मिक स्थल के समीप इस तरह रेहड़ी और ठेले की भीड़भाड़ बढ़ रही थी। इससे श्रद्धालुओं को दिक्कत हो रही थी। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग साथ लगती है। सुरक्षा और श्रद्धालुओं की असुविधा को देखते हुए कदम उठाया गया है।
