
नई टिहरी। विधायक भीमलाल आर्य ने सरकार पर घनसाली विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया है। कहा क्षेत्र के विकास कार्यों में रोडा अटकाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री घनसाली में भाजपा शासनकाल में हुई घोषणाओं को ही दोहरा रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में विधायक आर्य ने कहा कि पूरे डैम टॉप से जन सामान्य का आवागमन न होना समस्या है। विधानसभा में वे पांच बार इस प्रश्न को उठा चुके हैं। सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। पिछले दिनों जब वह असेना में धरने पर बैठे थे, तो जिला प्रशासन ने उन्हें लिखित में अवगत कराया था कि भैंतोगीखाल से डैम टॉप वाली पुरानी सड़क को निष्प्रयोजित घोषित करने के लिए रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। डैम टॉप से वाहनों का आवागम शुरू करने को लेकर केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। लेकिन मामले में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। इस मामले को लेकर वे जल्द ही राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिलेंगे। घनसाली नगर पंचायत की घोषणा पहली हो चुकी थी। नगर पंचायत का दर्जा के बजाय सीएम दुबारा से नगर पंचायत की घोषणा कर रहे है। सीमांत गांव पिंस्वाण, थाती, कठूड, गेंवाली, थाती, गंगी का विकास बिना सड़क निर्माण के संभव नहीं है।
