
अल्मोड़ा। सरकारी प्राथमिक स्कूलों में जिस तेजी से छात्र संख्या घट रही है उससे प्राथमिक स्कूलों का भविष्य संकट में नजर आ रहा है। छात्रों की कमी से कुछ साल पहले अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के 11 प्राथमिक स्कूल बंद हो चुके हैं। बचे हुए स्कूलों में भी खतरा मंडरा रहा है। पिछले साल नगर क्षेत्र के कुल पांच सरकारी प्राथमिक स्कूलों में 300 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत थे। एक साल में ही यह संख्या घटकर 241 रह गई है।
अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में पहले 16 प्राथमिक विद्यालय थे। छात्र संख्या तेजी से घटने के कारण करीब चार साल पहले शासन के निर्देश पर 11 विद्यालय बंद करने पड़े। वर्तमान में नगर क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक स्कूल पंचधारा, गोपालधारा, राजपुरा, कृष्णदास साह और एनटीडी में सिर्फ पांच स्कूल संचालित हो रहे हैं।पिछले शिक्षा सत्र में इन पांच स्कूलों में करीब 300 बच्चे पढ़ते थे लेकिन एक ही साल में छात्र संख्या घटकर 241 हो गई है। वर्तमान में प्राथमिक स्कूल पंचधारा में 67, गोपालधारा में 51, राजपुरा में 39, कृष्णदास साह नरसिंहबाड़ी में 46 और एनटीडी में 38 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। प्राथमिक स्कूल पंचधारा, गोपालधारा और राजपुरा में प्रधानाध्यापक के पद लंबे समय से खाली हैं।
एक समय था जब इन सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़कर लोगों ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया लेकिन आज इन स्कूलों में सिर्फ गरीब परिवारों के बच्चे ही दाखिला ले रहे हैं और छात्र संख्या लगातार कम होती जा रही है। अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी प्राथमिक स्कूलों के बजाए पब्लिक स्कूलों और शिशु मंदिरों में पढ़ा रहे हैं।
