
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने कहा कि नगरोटा सूरियां को पौंग झील के साथ जोड़ कर पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। नाबार्ड के तहत नगरोटा सूरियां से जवाली तक पौंग झील के किनारे बनी सड़क को जोड़ने वाले गज्ज और देहर खड्ड पुलों के निर्माण के लिए कांग्रेस सरकार ने 51-51 करोड़ रुपये के अनुमान बना कर भेज दिए हैं। पौंग झील में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए नगरोटा सूरियां में शीघ्र ही एक पर्यटन कैफे खोला जाएगा। चंद्र कुमार मंगलवार को स्थानीय विश्रामगृह में राहुल गांधी की 8 मार्च को प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने और लोकसभा चुनाव में सांप्रदायिक शक्तियों का मुकाबला करने के कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए। कहा कि सभी मतभेद भुलाकर कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों और नीतियों को घर-घर पहुंचाने में कार्यकर्ता आज से ही जुट जाएं। इस अवसर पर जवाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर रण सिंह, पूर्व अध्यक्ष सरदार अमर सिंह, जिला पार्षद वीना धीमान, कथोली पंचायत प्रधान राज शहरिया, कटोरा पंचायत प्रधान अनुराधा, सुगनाड़ा पंचायत प्रधान हाकम सिंह, अमलेला पंचायत प्रधान सुदर्शना देवी, कांग्रेस ब्लॉक सचिव गुरदेव भारती, सतीश मेहरा, रमेश कबीर, कर्ण पठानिया, नगरोटा सूरियां कांग्रेस प्रधान बलजीत मेहरा, सपेल पंचायत प्रधान भुवनेश, तिलक राज धीमान, निर्मला, अश्विनी कुमार, व्यापार मंडल से मलविंद्र पप्पी, देव राज शर्मा, बासा पंचायत उपप्रधान पिंकू चौधरी, कथोली से बंसी लाल धीमान, कैप्टन लेख राज धीमान, रघुवीर सिंह धीमान, बरियाल से रघुवीर सिंह ठाकुर, सुगनाड़ा से कैप्टन महिंद्र सिंह, जरोट से सोम राज, घाड़ जरोट से पूर्व प्रधान लक्ष्मण दास, प्रीतम मेहरा भी उपस्थित रहे।
