
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां में दिनदहाड़े गुंडागर्दी देख लोग सहम गए। एक युवक ने पुराना बस अड्डे पर महिला दुकानदार की डंडे से सरेआम पिटाई कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित महिला गोल्डी देवी ने इस घटना की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाकर उसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। गोल्डी देवी मनियारी की दुकान करती है।
महिला ने बताया कि वीरवार दोपहर वह अपनी दुकान पर अपने काम में व्यस्त थी। एक युवक उसकी दुकान पर आया तथा उससे वस्तुओं को जोड़ने वाले द्रव्य की ट्यबें मांगने लगा। महिला के मुताबिक युवक पर यह शक होने पर ट्यूबें देने से इनकार कर दिया कि कहीं वह उनका प्रयोग नशा करने के लिए न करे। गोल्डी देवी ने बताया कि इनकार करने पर वह युवक उसकी दुकान में घुसकर जबरदस्ती सामान उठाने लगा। विरोध करने पर वह युवक कहीं से एक डंडा उठा लाया तथा उस पर वार करने लगा। डंडे की मार से अपना सिर बचाते हुए डंडा महिला की बाजू पर लगा जिससे वह घायल हो गई। आसपास के कुछ दुकानदारों ने जब उस युवक से महिला को छुड़ाना चाहा तो युवक ने उन पर भी डंडे से हमला कर दिया। अधिक लोग इकट्ठे हो जाने पर वह युवक वहां से अपने स्कूटर पर फरार हो गया। पीड़ित महिला गोल्डी देवी ने पुलिस में इस घटना की रिपोर्ट लिखवा दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय अस्पताल में गोल्डी देवी का मेडिकल करवाया। बताया जा रहा है कि वह युवक स्थानीय निवासी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि नशे के आदि युवक एडेसिव ट्यूबों का इस्तेमाल नशा करने के लिए कर रहे हैं। मुख्य आरक्षी सुकेश कुमार के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है।
