नक्सली हमले की न्यायिक जांच से जोगी संतुष्ट नहीं

नक्सली हमले की न्यायिक जांच से जोगी संतुष्ट नहीं

रायपुर (आईएएनएस/वीएनएस): छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी 25 मई को दरभा घाटी में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हुए नक्सली हमले की न्यायिक जांच से संतुष्ट नहीं हैं। नंदेली में उन्होंने कहा कि जांच में राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जोगी ने शनिवार को रायगढ़ के नंदेली पहुंचकर दिवंगत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल के परिजनों से मुलाकात की। जोगी ने वहां पटेल और उनके पुत्र के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। पटेल के परिजनों से मिलकर जोगी ने उन्हें ढांढस बंधाया।

जोगी ने कहा कि सुकमा से जगदलपुर लौटते समय परिवर्तन यात्रा के मार्ग में कोई परिवर्तन नहीं किया गया था। भाजपा जानबूझकर झूठा आरोप लगा रही है। 25 मई को हुए नक्सली हमले की न्यायिक जांच के आदेश रमन सरकार ने तो दिए हैं, मगर जांच के नौ बिंदुओं पर भाजपा सरकार को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related posts