नक्शे पास न होने पर गिरेंगे भवन

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। बिना नक्शा पास करवाए भवन निर्माण करवाने वालों पर नगर परिषद सख्त हो गई है। नगर परिषद ने लोगों को 31 जुलाई तक घराें के नक्शे पास करने के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद अध्यक्ष हिमांद्री सोनी की अध्यक्षता में वीरवार को बैठक बैठक हुई। उन्हाेंने कहा कि तय तिथि तक लोग अपने घरों के नक्शे पास करवा सकते हैं। नक्शे पास न होने पर नगर परिषद कानूनी कार्रवाई करेगी। ईओ चमन कपूर ने कहा कि नक्शे पास न होने पर भवनों को गिराया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया है कि ऐसे व्यापारी जो दुकानों से पालीथिन, दूध की खाली थैलियां, थर्मोकोल तथा अन्य सामान नालियों में फेंक रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे व्यापारियों को कहा गया है कि या तो वह नगर परिषद के कूड़ेदान में कूड़ा फेंकें या फिर पालीथिन नगर परिषद को जमा करवाएं। बैठक में व्यापारी वर्ग व नगर वासियों से नगर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का भी आग्रह किया गया। निर्णय लिया गया कि पुराना बस अड्डे पर निजी गाड़ियों को पार्क करने की सुविधा प्रदान करने के लिए इस पार्किंग स्थल में अब केवल दो टैक्सियों को ही खड़ा करने की अनुमति प्रदान की जाएगी। कुछ समय से नगर परिषद में ईओ के रिक्त रहे पद के कारण कर्मचारियों को वेतन प्रदान करने में आई दिक्कत को अब शीघ्र ही हल कर लिया जाएगा।
बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष अरुण मेहरा, पार्षद दीपक मल ठाकुर, प्रेम चौधरी, धीरज भटनागर, सुनयना मेहरा, वंदना शर्मा, जीवना पठानिया, सुदर्शना साहनी तथा मनोनीत पार्षदों में डा. राम स्वरूप चांद, गिरीश धवन व प्रमोद मेहरा उपस्थित थे।

आय बढ़ाने के होंगे प्रयास
नगर परिषद नगरोटा बगवां के ईओ चमन कपूर ने कहा है कि परिषद की आय के साधनों में बढ़ोतरी करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्हाेंने कहा कि नगर परिषद के खर्चों में कमी लाने के लिए सोलर लाइटों को स्थापित किया जाएगा। नगर परिषद की दुकानों तथा हाउस टैक्स के रूप में लंबित पड़े लगभग 20 लाख रुपए की उगाही को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

Related posts