
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कल हुए छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्त्ताओं के काफिले पर नक्सलियों के हमले को ‘‘कायरतापूर्ण’’ हमला कहा और इसकी कड़ी निंदा की है। पीएम ने अन्य लोगों को जल्द से जल्द मुक्त करने की अपील की है जिनका हमले के बाद अपहरण कर लिया गया है।
पीएम ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह से फोन पर बात की और राहत की हर संभव पेशकश की है। वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी पार्टी के नेताओं पर हुआ नक्सली हमला कांग्रेस पर हमला नहीं, बल्कि यह लोकतंत्र पर हमला है। नक्सली हमले के बाद से लापता बताए जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश पटेल के शव आज घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर मिले हैं।
सोनिया गांधी ने भी इस हमले पर अपना दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि मैं हमलावरों से अपील करता हूं कि उन सभी को जल्द से जल्द रिहा कर दें जिनका संभवत: अपहरण कर लिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं।
