नकाबपोशों ने किया छात्र को पकड़ने का प्रयास बुधवार, 18

कटौला (मंडी)। उत्तरशाल की ग्राम पंचायत कमांद के दरनाली गांव में एक युवक को नकाबपोशों ने पकड़ने का प्रयास किया, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई। आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों ने जंगल में नकाबपोशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा। सूचना मिलने पर द्रंग से पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर युवक के बयान दर्ज किए। युवक कमांद स्कूल में जमा-एक में पढ़ता है। जानकारी के मुताबिक दरनाली गांव निवासी बसीर पुत्र हबीव हुसैन मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे अपनी गौशाला में था। इसी दौरान नकाबपोशों ने बसीर से पूछा कि घर में कौन-कौन हैं। इसी दौरान नकाबपोशों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। किसी तरह बच कर बसीर चिल्लाते हुए गांव की तरफ भागा। आवाज सुन कर गांव के लोग भी वहां एकत्रित हो गए। युवक के मुताबिक एक व्यक्ति ने रुमाल से अपना मुंह ढक रखा था, जबकि दूसरे के हाथ में बोरा था।
गांव के लोगों ने कमांद पंचायत प्रधान मोहम्मद अली को इसकी सूचना दी। पंचायत प्रधान ने इसकी सूचना द्रंग पुलिस को दी। द्रंग से हेड कांस्टेबल राज कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर युवक के बयान लिए। नकाबपोश होने की खबर आसपास के गांव में फैल गई। डंगार, बसाहर, रोपा, रियागड़ी, कुठाहर, खनाहर, कमांद व टिक्करी गांव के सैकड़ों लोगों ने जंगल में नकाबपोशों को ढूंढा, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा। पंचायत प्रधान मोहम्मद अली ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रहने वाली प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण किया गया।
द्रंग पुलिस थाना के हेड कांस्टेबल राज कुमार ने बताया कि युवक ने अपने बयान में दो नकाबपोश होने की बात कही। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Related posts