
कुल्लू। पुलिस ने अलग-अलग जगह नाके के दौरान तीन व्यक्तियों को एक किलो से अधिक चरस के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, इनसे डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पहले मामले में पीएसआई अंकुर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान टीम के साथ चीलआगे स्थान पर वाहनों की तलाशी ले रहे थे। इसी दौरान जब एक नैनो कार को तलाशी के लिए रोका गया तो नैनो में सवार थलोट शापटोला निवासी हेम दास से 556 ग्राम चरस बरामद की गई। दूसरे मामले में हेड कांस्टेबल कुल्लू यशपाल ने पुलिस टीम के साथ शानगां मोड़ के पास नाका लगाया था। इस दौरान तलाशी के दौरान ऑल्टो कार में सवार लाजपत नगर न्यू दिल्ली निवासी नवजोद से 113 ग्राम चरस बरामद की गई। तीसरे मामले में हेड कांस्टेबल कपिल कुमार ने पुलिस टीम के साथ कैंची मोड़ के पास नाका लगा रखा था। इस दौरान शक के आधार पर एक स्कूटर को रोका गया तो नीणू निवासी ललित प्रकाश उर्फ दलित प्रकाश से 410 ग्राम चरस और स्कूटर की डिक्की से डेढ़ लाख की नकदी भी बरामद की गई। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि आरोपियों को चरस सहित गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान को और तेज किया जाएगा।
