
शिमला। हिल्स क्वीन में सुबह से ही नए साल के आगाज को लेकर सैलानियों और स्थानीय लोगों में गजब का उत्साह दिखा। रिज और मालरोड़ पर दोपहर बाद तिल धरने तक की जगह नहीं थी। युवा टोलियों में घूम कर नाच गा कर जश्न मनाते रहे। शहर के अधिकांश होटलों में नए साल के जश्न को लेकर अलग अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। बर्फ की चाह लेकर शिमला आने वाले पर्यटक कुफरी और छराबड़ा की ओर रूख किया। देर रात तक रिज और माल रोड़ पर सैलानियों का हजूम नाचते गाते नजर आया इनमें युवाओं की संख्या अधिक थी।
नए साल का जश्न मंगलवार शाम चार बजे से ही शुरू हो गया। रिज मैदान पर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों पर हजारों की संख्या में उमड़े पर्यटकों ने नाचते गाते खूब धमाल मचाई। रिट्ज रेस्टोरेंट, रोलर स्केटिंग रिंक और छोटा शिमला के आशियाना रेस्टोरेंट में शाम आठ बजे से ‘डांस आल नाइट पार्टी’ का आयोजन किया गया। होटलों में भी बेस्ट कपल, मिस्टर प्रिंस और प्रिंसेस चुने गए। इसके अलावा होटल प्रबंधन द्वारा पर्यटकों के स्वागत के लिए 65 प्रकार के लजीज व्यंजन भी परोसे गए। जिनमें हिमाचली व्यंजनो के साथ कांटीनेंटल, अवधी, चाइनीज आदि व्यंजन प्रमुख रहे।
ट्रैफिक जाम ने किया लोगों को परेशान
बाहरी राज्यों से भी सैकड़ों की तादात में सैलानी पहुंचे। जिस कारण शहर के सर्कुलर रोड में लंबा जाम लग गया। दोपहर बाद भी जाम न खुल पाने के कारण सैलानी सड़क किनारे ही गाड़ियां खड़ी करने को मजबूर हो गए। घंटों लगे जाम के कारण पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
