नंदा राजजात यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी कर लें

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड को नंदा राजजात यात्रा के प्रथम पड़ाव मालगांव में प्रस्तावित पुल का निर्माण आगामी 15 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारण से कार्य समय से पूर्ण नहीं होता है तो वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार कर ली जाए।
नंदा राजजात यात्रा की तैयारी को लेकर हुई बैठक में उन्होंने बताया कि माला में पुल निर्माण के लिए शासन से 74.70 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए जिला प्रशासन द्वारा पांच करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। उन्होंने विद्युत और उरेडा विभाग के अधिकारियों को यात्रा के प्रथम पड़ाव समेत छानी ल्वेशाल में विद्युत व्यवस्था के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा यात्रा के दौरान बाहर से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना के मद्देनजर नगर के लक्ष्मेश्वर, धारानौला, चौघानपाटा, नंदादेवी में शौचालयों के लिए स्थान चिन्हित कर लिया जाए। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, सोमेश्वर के विधायक अजय टम्टा, यात्रा समन्वयक प्रभात साह गंगोला, हरीश अग्रवाल, कैलाश पांडे, मनोज वर्मा, मनोज सनवाल, बिट्टू कर्नाटक, अन्नू साह, संजय जोशी ने भी कई सुझाव दिए। बैठक में एसपी सुनील कुमार मीणा, सीडीओ ज्योति नीरज खैरवाल, एसडीएम अजय अरोड़ा, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी जेसी बेरी, डीएसओ टीएन उपाध्याय, अधिशासी अभियंता लोनिवि सुरेश आर्या, राजकीय संग्रहालय प्रभारी मंजू तिवारी आदि मौजूद थे।

Related posts