नंदामय हुआ अल्मोड़ा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में नंदादेवी महोत्सव की धूम मची है। शुक्रवार देर रात नंदादेवी मंदिर परिसर में तक रंगारंग कार्यक्रम हुए। शनिवार को दिन के समय मंदिर परिसर में लोगों ने झोड़ा, छपेली और लोकगीतों की प्रस्तुति दी। शुक्रवार रात को चंद वंशज सांसद केसी सिंह बाबा ने मां नंदा की तांत्रिक विधि से पूजा की। कल रविवार को मां नंदा-सुनंदा के डोले की शोभायात्रा निकलेगी।
शुक्रवार देर रात तक नंदादेवी मंदिर परिसर में रंगारंग कार्यक्रम चलते रहे। कार्यक्रमों को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ रही। जै नंदा लोक कला उत्थान समिति, संस्कार सांस्कृतिक समिति और देहरादून से पहुंचे दल के कलाकरों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम का संचालन मेला संयोजक मनोज वर्मा ने किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल, कैलाश पांडे, मनोज सनवाल, नरेंद्र वर्मा, दिनेश गोयल, किशन गुरुरानी आदि मौजूद थे।
नंदाष्टमी पर शुक्रवार रात में चंद वंशीय सांसद केसी सिंह बाबा ने मां नंदा की तांत्रिक विधि से पूजा की। यह पूजा राज पुरोहित नागेश पंत ने संपन्न करवाई। यह विशेष पूजा तांत्रिक विधि के विशेषज्ञ पंडित तारा दत्त शास्त्री, लीलाधर जोशी, हरीश चंद्र जोशी आदि के निर्देशन में हुई। शनिवार को भी पूजा-अर्चना के लिए नंदादेवी मंदिर में लोगों की काफी भीड़ रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेला क्षेत्र और बाजारों में भारी संख्या में पुलिस बल और एनसीसी कैडेट भी तैनात थे।

Related posts