
जुब्बल (शिमला)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नंदपुर में आवश्यक विषयों के शिक्षकों का अभाव है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। स्कूल में गैर शिक्षक स्टाफ की भी कमी बनी हुई है। रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति का प्रतिनिधिमंडल मुख्य संसदीय सचिव रोहित ठाकुर से भी मिला है। वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नंदपुर में 158 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल में प्रधानाचार्य का पद, टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी नान मेडिकल, कला अध्यापक समेत भाषा अध्यापक का पद खाली पड़ा हुआ है। इसके अतिरिक्त गैर शिक्षक वर्ग में अधीक्षक का पद, वरिष्ठ सहायक, लिपिक , लेबोरेटरी सहायक, लाइब्रेरियन तथा एक पद चपरासी का खाली चल रहा है। स्कूल में शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। स्कूल प्रबंधन समिति ने रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, राम प्रकाश, बृज लाल, करतार सिंह, केहर सिंह, बालक राम, संजय ठाकुर तथा सोम दत्त ने बताया कि वे रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर मुख्य संसदीय सचिव रोहित ठाकुर से भी मिले हैं। उन्होंने शीघ्र रिक्त पद भरने का आश्वासन दिया है।
