
धर्मशाला। धौलाधार की पहाड़ियाें में ताजा हिमपात होने के बाद पहाड़ियों पर चांदी की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं, बर्फबारी के बाद निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। बारिश होने का सिलसिला भी जारी है। रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बीच-बीच में दिनभर बिजली की आंखमिचौनी से भी लोग परेशान रहे। बोर्ड के अनुसार जंगल वाली जगहों पर पेड़ों की टहनियां गिर जाने से लाइट गुल हो जा रही थी। मगर, बोर्ड के कर्मचारी सारा दिन समस्या का हल करने में ही जुटे रहे हैं। जिलाभर में लोगों को आग सेंक कर ही समय व्यतीत करना पड़ा है। दुकानदारों को लाइट गुल होने पर ठंडक भरे मौसम में ही ठिठुरना पड़ा है। धौलाधार की पहाड़ियां हिमपात के बाद सफेद हो गई हैं। वहीं, त्रियुंड और आसपास की जोतों में भी हिमपात हुआ है। निचले इलाकों में बारिश के बाद कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। रुक-रुक कर हो रही बारिश गेहूं की फसल के लिए अच्छी बताई गई है। कृषि विभाग के उपनिदेशक डा. सोनी ने बताया कि बारिश गेहूं और बेमौसमी सब्जियों की पैदावार के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। उधर, लोगों हरिया राम, श्याम पाल, मनजीत सिंह, रोशन लाल ने बताया कि बारिश के बाद ठंड काफी बढ़ गई है। किसानों ज्ञान चंद, प्रताप सिंह, हरिया राम ने बताया कि बारिश न होने से उन्हें गेहूं की कम पैदावार की उम्मीद थी, मगर बारिश होने से अब अच्छी पैदावार होगी।
समस्या का किया समाधान : गौतम
विद्युत बोर्ड के एक्सईएन अजय गौतम ने बताया कि लाइनों पर पेड़ की टहनियां गिरने से लाइट गुल हो रही थी, मगर समस्या का समाधान कर दिया गया है।
