धौलाकुआं और पांवटा में डेंगू का प्रकोप

धौलाकुआं (सिरमौर)। डेंगू के डंक ने क्षेत्र में 5 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। रोगियों में एक ही परिवार के 3 सदस्य शामिल हैं। मामला धौलाकुआं के पिपली वाला गांव का है। यहां पंचायत प्रधान उपेंद्र शर्मा में डेंगू के लक्षण पाए जाने पर उन्हें चंडीगढ़ इलाज के लिए भेज दिया गया। जबकि पंचायत प्रधान के परिवार से संबधित 15 वर्षीय आयुषी को भी चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। डेंगू के लक्षण पाए जाने के बाद बद्रीनगर के नरेश गुप्ता एवं सुनील गुप्ता को इलाज के लिए देहरादून ले जाया गया है। इसके अलावा पीपली वाला निवासी पुलिस कर्मी को डेंगू बुखार के चलते हरियाणा में इलाज के लिए भेजा गया है।
मंगलवार को सामने आए 5 नए मामलों में एक एमबीबीएस डाक्टर का भाई सुनील गुप्ता भी शामिल है। जबकि एक अन्य रोगी तिब्बती समाज का बताया जा रहा है। मंगलवार को क्षेत्र के शमशेर पुर स्थित एक निजी अस्पताल में बुखार का इलाज कराने पहुंचे 5 रोगियों में डेंगू के लक्षण पाए गए जिन्हें बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग स्थानों पर ले गए। जबकि शमशेर पुर स्थित निजी अस्पताल सिद्घि विनायक में कार्यरत चिकित्सक डा. शरद गुप्ता ने बताया कि डेंगू के पाए गए 5 नए मामलों में एक उनके भाई सुनील गुप्ता भी शामिल हैं।
उधर जिला के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरमोहिंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास सरकारी सूचना के आधार पर मात्र एक रोगी डेंगू लक्षण से ग्रस्त पाया है। जबकि अन्य मामले निजी चिकित्सालयों के हैं। जहां रोगी खून की जांच के बाद बाहरी स्थानों पर अपना इलाज करवा रहे हैं। ऐसे आंकडे़ जिला स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू के लक्षण यदि हैं तो रोगी सरकारी अस्पतालों में अपने खून की जांच करवाएं। सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने को कहा गया है।

Related posts