
शिमला। बरसात के मौसम में धुंध ने वाहन चालकों के लिए परेशानी कर दी है। घनी धुंध के कारण रात के समय वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। एचआरटीसी की नाइट बस सर्विस बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इतना ही नहीं, धुंध से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। राजधानी से ऊपरी क्षेत्रों की ओर रवाना होने वाली बसों के चालकों को सबसे अधिक समस्या पेश आ रही है। रात के समय ढली से छराबड़ा, कुफरी, लंबीधार, गलू, फागू, ठियोग, संधू, मत्याना, शिलारू और नारकंडा में घनी धुंध पड़ रही है।
विजीविल्टी कम होने से वाहनों को बेहद धीमी रफ्तार से चलाना पड़ रहा है। विशेषकर ऐसे स्थानों पर, जहां सड़क में सेंटर लाइन नहीं है। राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के सोलन मंडल के तहत ढली से गलू तक तो सड़क पर सेंटर लाइन लगा दी गई है लेकिन रामपुर मंडल के तहत गलू से आगे सेंटर लाइन न होने के कारण चालकों को वाहन चलाने में भारी दिक्कत पेश आ रही है। शनिवार को धुंध के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर सरोग गली के पास बस में टक्कर के कारण करीब तेरह लोग बुरी तरह चोटिल भी हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेब सीजन के दौरान भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही के मद्देनजर सड़क पर सेंटर लाइन लगाना जरूरी हो गया है।
सुरक्षित तरीके से बसें चलाने के निर्देश
धुंध के कारण बसें चलाने में स्टाफ को दिक्कत आ रही है। गाड़ियां धीरे चल रही हैं, इसलिए डीजल की एवरेज में भी गिरावट आई है। स्टाफ को सुरक्षित तरीके से बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
– अनिल सेन
मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी
जल्द लगाई जाएगी सेंटर लाइन
गलू से रामपुर के बीच सड़क का काम अभी प्रगति पर है। अधिकतर क्षेत्र में टारिंग का काम पूरा हो चुका है। जल्द ही राजमार्ग पर सेंटर लाइन (डिवाइडर) लगवा दी जाएगी।
– पासंग नेगी
अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग
