धामीगांव के गुवा तोक में भूस्खलन

नाचनी (पिथौरागढ़)। बरसात बीतने के बाद भी सीमांत जिले में भूस्खलन का खतरा टला नहीं है। शुक्रवार की सुबह पांच बजे से ग्राम पंचायत धामीगांव के गुवा तोक में भूस्खलन हो रहा है। भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है तो छह मकानों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।
गुवा तोक में तड़के पांच बजे यकायक दो तरफ से पहाड़ी खिसकने लगी। देखते ही देखते दीवान सिंह के दो कमरे के मकान का एक कमरा ध्वस्त हो गया। भूस्खलन की आहट होने से लोग सुरक्षित स्थानों में चले गए, अन्यथा जनहानि भी हो सकती थी। ग्राम प्रधान हयात सिंह ने एसडीएम एके शुक्ला और राजस्व निरीक्षक गोविंद प्रसाद को सूचना देकर भूस्खलन से बचाव के साथ ही प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान में बसाने की मांग की। बताया कि भूस्खलन से दान सिंह, मोहन सिंह, भवान सिंह, नंदन सिंह, चंचल सिंह, मोते सिंह के मकानों को खतरा पैदा हो गया है।
राजस्व निरीक्षक गोविंद प्रसाद ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया। भूस्खलन की जद में आए लोगों को सुरक्षित स्थान में शरण लेने की सलाह दी। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि मामले की पूरी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को दी जा रही है।

Related posts