
जैंती (अल्मोड़ा)। धामद्यो में 25 अगस्त को होने जा रहे शहीद दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल भी हिस्सा लेंगे।
समारोह समिति की पर्वतीय ग्राम स्वराज्य मंडल सभागार में हुई बैठक में 25 अगस्त को धामद्यो में आयोजित शहीद समारोह की तैयारियों पर चर्चा की गई। मुख्य वक्ता विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने शहीद दिवस समारोह में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा 25 अगस्त को 11.20 बजे शहीद स्थल धामद्यो पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के समक्ष आईटीआई के जीर्णोद्धार, राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय को पीजी कालेज की मान्यता देने, लमगड़ा में महाविद्यालय खोलने आदि मांग रखी जाएंगी। अध्यक्षता दीवान सिंह बोरा और संचालन प्रताप राम ने किया। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता दिनेश कुंजवाल, कैलाश जोशी, मोहन सिंह धानक, राजेंद्र जोशी, जीत सिंह धानक ने विचार रखे। बैठक में गिरीश जोशी, सुरेश उप्रेती, माया बर्गली, किरन बगडवाल, दीवान सिंह, पान सिंह, दीवान राम, राम सिंह रजवार, पार्वती देवी आदि मौजूद थे।
