
रुद्रपुर। जिलाधिकारी बृजेश कुमार संत ने धान खरीद में पारदर्शिता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। कहा कि किसी भी किसान को कोई दिक्कत न होने पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी संत ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में धान खरीद योजना की समीक्षा बैठक ली। उन्होने सभी उपजिलाधिकारियों को समय-समय पर अपने क्षेत्रों के क्रय केंद्रों का निरीक्षण के निर्देश दिए। सहकारिता सहायक निबंधक एमपी त्रिपाठी को रोजाना की रिपोर्ट उपलब्ध कराने की हिदायत दी। साथ ही क्रय एजेंसियों को केंद्रों में बारदाने व अन्य सुविधाएं बनाए के निर्देश दिए। बताया कि इस बार कामन धान का मूल्य प्रति क्विंटल 1310 और ग्रेड वन धान का मूल्य 1345 रुपये निर्धारित किया गया है। इस मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी विपिन कुमार, एसडीएम मनीष कुमार, हेमंत वर्मा, विधायक राजेश शुक्ला, यशवंत मिश्रा आदि मौजूद थे।
