धर्मशाला मे दो घंटे बंद रहा कालेज रोड

धर्मशाला। जिले भर में वीरवार सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जिला में एक ओर गरमी से राहत दिलाई। वहीं सुबह-सुबह बारिश शुरू हो जाने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। भारी बारिश से कई स्थानों पर पेड़ व सड़कों पर पत्थर गिर जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ। धर्मशाला में ही कालेज रोड पर पेड़ गिर जाने से सुबह आठ से दस बजे तक यातायात बाधित रहा। कालेज रोड पर सैकड़ों वाहनों की आवाजाही रहती है। लोनिवि कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाया।
जिला के हर क्षेत्र में वीरवार को भारी बारिश का नजारा देखने को मिला। नूरपुर से लेकर देहरा, शाहपुर, कांगड़ा, पालमपुर व बैजनाथ में मूसलाधार बारिश के चलते लोगों को सड़कों पर वाहन चलाने में भी काफी दिक्कत हुई। सड़कों पर पानी भर जाने से खासतौर पर दोपहिया वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। धर्मशाला में ही इतनी जोर की बारिश पड़ी कि लोगों को सड़कों पर ही अपने वाहन खड़े करने पड़े। सुबह आठ बजे के करीब शुरू हुई बारिश हर किसी के लिए आफत लेकर आई। सुबह के समय हर कोई अपने गंतव्य की ओर निकलने की तैयारियों में था। लेकिन मूसलाधार बारिश ने हर किसी को अपने गंतव्य तक पहुंचने में लेट किया। सुबह 11 बजे के करीब बारिश कुछ हद तक थम गई। लेकिन बीच-बीच में रुक-रुक कर जारी रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला कांगड़ा के ऊपरी क्षेत्र से लेकर निचले इलाके तक वीरवार को भारी बारिश हुई। इससे किसानों के चेहरे खिलउठे। इस समय हुई बारिश धान की बिजाई के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है। किसान प्रताप चंद, सतीश, मोहिंद्र चौधरी, कमल, जोगिंद्र चौधरी और श्याम आदि कहना है कि यह बारिश धान की बिजाई के लिए काफी फायदेमंद है।

Related posts