
धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में एक बार फिर एनएसयूआई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गढ़ में सेंध लगाने से चूक गई। धर्मशाला महाविद्यालय में 14वीं बार फिर से भगवा लहराया है। एबीवीपी ने महाविद्यालय में एससीए की चारों सीटों पर क्लीन स्वीन करते हुए जीत हासिल की है।
महाविद्यालय में पिछले 13 सालों से एबीवीपी जीत हासिल कर रही थी और इस बार भी एबीवीपी के उम्मीदवारों ने लीड लेते हुए एनएसयूआई के उम्मीदवारों को करारी हार दी है। चुनाव के दौरान एनएसयूआई का कोई भी उम्मीदवार एक हजार का आंकड़ा पार नहीं कर पाया है। वहीं महाविद्यालय में कुल 32 कक्षा प्रतिनिधियों में एबीवीपी के 27 कक्षा प्रतिनिधियों ने जीत हासिल की है। महाविद्यालय में एससीए चुनावों में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आदित्य पंडित ने 1050 वोट लेकर एसएसयूआई के कुश को 241 मतों से हराया। वहीं एबीवीपी की मनदीप कौर ने 1163 वोट लेकर एनएसयूआई की किरण को 463 मतों से मात दी है। महासचिव पद पर एबीवीपी के अरुण कुमार ने 1057 वोट लेकर एनएसयूआई के हितेश को 258 मतों से हराया। वहीं सहसचिव पद पर एबीवीपी के सौरभ शर्मा ने 1134 वोट हासिल कर एनएसयूआई की शालू को 406 वोट से हराया। एबीवीपी द्वारा धर्मशाला महाविद्यालय में फिर से चारों सीटों पर जीत हासिल करने ने दिखा दिया है कि धर्मशाला कालेज में एबीवीपी के दुर्ग को भेदना आसान नहीं है। एबीवीपी के राष्ट्रीय इकाई सदस्य अजय भरेटा ने कहा कि धर्मशाला महाविद्यालय में एबीवीपी ने 14वीें बार जीत हासिल कर दिखा दिया है कि छात्र हित में काम करने वाल संगठन कभी नहीं हारता है।
