
धर्मशाला। मरीजों को जोड़ाें के दर्द, कमर दर्द, हड्डियों में दर्द के इलाज के लिए टांडा मेडिकल कालेज नहीं जाना पड़ेगा। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में ही इन तमाम बीमारियों का इलाज संभव होगा। अस्पताल में स्पेशल पेन क्लीनिक खोला जा रहा है। इसमें पुराने दर्र्दों का इलाज आधुनिक मशीनों के माध्यम से होगा। साथ ही दवाई के माध्यम से भी मरीजाें की बीमारी का हल किया जाएगा। अस्पताल में क्लीनिक शुक्रवार और शनिवार को चलेगा। क्लीनिक में टांडा मेडिकल कालेज के विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे।
इसे लेकर अस्पताल प्रशासन ने तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। क्लीनिक में आधुनिक मशीनें भी लगा दी गई हैं। मरीज इसी सप्ताह से अपना इलाज क्लीनिक में करवा सकते हैं। पहले मरीजों को पुराने जोड़ों के दर्द और कमर दर्द होने पर टांडा मेडिकल कालेज जाना पड़ता था। ऐसे में मरीजों को उपचार करवाने पर अतिरिक्त धन भी खर्च करना पड़ रहा था। क्षेत्रीय अस्पताल में क्लीनिक खुल जाने से सप्ताह में दो दिन मरीजों का इलाज होगा। इसमें मरीजों की बीमारी का समाधान मशीनों के माध्यम से भी किया जाएगा।
आधुनिक मशीनों से इलाज
उधर, एमएस डा. राकेश शर्मा ने बताया कि अस्पताल में स्पेशल पेन क्लीनिक खोला जा रहा है। इसमें मरीजों की बीमारी का इलाज आधुनिक मशीनों के माध्यम से होगा।
