धर्मशाला में ही खुलेगी सीयू : सुधीर

धर्मशाला। शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने मंगलवार को दाड़ी में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण धर्मशाला में ही किया जाएगा। सीयू के धर्मशाला में निर्माण को लेकर सरकार द्वारा औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सीयू ने दूसरी प्रपोजल रिपोर्ट भेज दी है। जिसमें धर्मशाला में देहरा की बजाय ज्यादा जमीन का चयन किया गया है। धर्मशाला में सीयू का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू करवाया जाएगा। जिससे युुवाओं को शिक्षा ग्रहण करने के लिए बाहरी राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि जदरांगल में स्थापित होने वाले आईटी पार्क से 10 हजार से भी अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध होगा। सुधीर ने मंगलवार को गुरु गोरख नाथ परिसर में अढ़ाई करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले गोरखा सामुदायिक भवन एवं संग्रहालय की आधारशिला रखी। कहा कि संग्रहालय में गोरखा समुदाय की प्राचीन लोक विरासत को सहेज कर रखने से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। उत्तरी भारत में यह अपनी तरह का पहला संग्रहालय होगा। धर्मशाला शहर में विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सड़क, विद्युत तथा पेयजल की समस्या के निदान के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को सुधीर शर्मा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर उपमंडलाधिकारी(नागरिक) डॉ. हरीश गज्जू, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विजय चौधरी तथा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के दीपक गर्ग एवं विद्युत बोर्ड के अजय गौतम, प्रधान जगदीश, अरुण विष्ट, आशा पुंज, सेलिना थापा, सोनिया, सुनील कंटा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पप्पी सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related posts