
धर्मशाला। धौलाधार रेंज में पिछले दो दिन से जारी बर्फबारी का क्रम रविवार दोपहर तक थमने के बाद शाम को फिर शुरू हो गया। बर्फबारी धर्मशाला के कोतवाली बाजार और कचहरी अड्डा तक पहुंच गई। कोतवाली बाजार में एक सेंटीमीटर तक बर्फ जम गई। धर्मशाला के होटलों में ठहरे पर्यटक बर्फ को देख कर चहक उठे। धर्मशाला में बर्फ देख पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया। वहीं, भागसूनाग व मैकलोडगंज में भी बर्फबारी हुई। जिससे भागसूनाग मार्ग पर शाम को यातायात बाधित हो गया। हालांकि, मैकलोडगंज तक गाड़ियां चलती रहीं। धर्मशाला में बर्फबारी से पर्यटकों, व्यवसायियों व लोगों में खासा उत्साह देखा गया। बर्फबारी से पर्यटन को और बढ़ावा मिलने के आसार हैं। नड्डी व ऊपरी इलाकों में शुक्रवार से हो रही बर्फबारी बढ़ती जा रही है। साथ ही बर्फ जमना भी शुरू हो गई है। जिससे आगामी दिनों में भी पर्यटकों को बर्फ में अठखेलियां खेलने का मौका मिल सकता है। उधर, छोटा भंगाल व मुलथान में शाम को हुई बर्फबारी के बाद फिर से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इलाके की 20 के करीब पंचायतों में सड़क, पानी और बिजली की सुविधा ठप पड़ी है। अगर बर्फबारी जारी रही तो छोटा भंगाल में लोगों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।
