
धर्मशाला। नगर परिषद धर्मशाला ने अपनी वित्त कमेटी की बैठक में वर्ष 2013-14 के लिए बजट पारित कर दिया है। वीरवार को नगर परिषद अध्यक्ष कमला पटियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस बार 5 करोड़ 53 लाख रुपए का अनुमानित बजट पास किया गया। इसमें से 4 करोड़ 91 लाख 78 हजार 716 रुपए का अनुमानित खर्च रखा गया।
नगर परिषद इस राशि को कर्मचारियों के वेतन, पेंशन, सफाई व्यवस्था, शहर के विकास कार्य, स्ट्रीट लाइट, जरूरतमंदों के लिए कार्य और रिटेनिंग वाल जैसी मदों पर खर्च करेगी। नगर परिषद अध्यक्ष कमला पटियाल ने बताया कि बैठक में शहर में निर्माणाधीन पार्किंग को जल्द शुरू करने की दिशा में काम करने पर बल दिया गया। इसके अलावा सुभाष चौक में फव्वारे को भी चालू किया जाएगा। नप इसका सौंदर्यीकरण भी करेगी। उन्होंने बताया कि धर्मशाला के कोतवाली बाजार और मैकलोडगंज में दलाईलामा टेंपल के समीप निर्माणाधीन पार्किंग को प्राथमिकता के आधार पर चालू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद के पास वर्ष 2012-13 का 1 करोड़ 13 लाख 89 हजार 321 रुपए बतौर हाउस टैक्स पहुंच गया है। नप बकाया राशि को वसूलने का प्रयास कर रही है। बैठक में कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार के अलावा पार्षद अंजू सूद, विमला देवी, तेजिंद्र कौर और सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
