
धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में एसएफआई और एबीवीपी के बीच लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को भी एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं से मारपीट की घटना सामने आई है। इसके चलते कॉलेज में तनाव का माहौल पैदा हो गया। कॉलेज में पढ़ने आने वाले विद्यार्थी भी रोज की घटनाओं को देखकर सहमे हुए हैं। मंगलवार को छात्र गुटों में हुई लड़ाई के बाद पुलिस के सामने भी एसएफआई और एबीवीपी के कार्यकर्ता आपस में उलझ पड़े और एक दूसरे से हाथापाई करने लग पड़े। पुलिस ने बीच बचाव कर दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं को अलग किया। वहीं, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस कर्मियों से बदतमीजी कर डाली। एसएफआई के विशाल, अंकुश, आशु, साहिल, असलम अली, अनीश और नवनीत ने कॉलेज प्राचार्य और पुलिस में लिखित पत्र सौंपते हुए एबीवीपी पर आरोप लगाया है कि वे हॉस्टल से आर्ट्स ब्लॉक में परीक्षा देने जा रहे थे कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने उन पर हॉकी से हमला कर दिया है। इससे उन्हें चोटें आई हैं। वहीं, उन्होंने पुलिस से एबीवीपी कार्यकर्ता पर कार्रवाई अमल में लाने की बात की है।
बाक्स
क्या कहना है कालेज प्रबंधन का
धर्मशाला कॉलेज की उपप्राचार्य वंदना भडवार ने कहा कि कॉलेज अनुशासन कमेटी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस का सौंप दिया है। इस मामले में अब पुलिस अपने हिसाब के कार्रवाई करेगी
क्या कहती है पुलिस
डीएसपी हितेश लखनपाल ने बताया कि विशाल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने घायल युवक का मेडिकल करवा लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
