
धर्मशाला। डिग्री कॉलेज धर्मशाला में शुक्रवार को शराब के नशे में धुत्त दो बाहरी युवक घुस गए। आईकार्ड मांगने पर दोनों सिक्योरिटी गार्ड से उलझ पड़े। जबकि एक प्राध्यापक ने दोनों युवकों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उनके साथ भी बदतमीजी शुरू कर दी। सीसीटीवी में कैद हो रहे इस सारे हंगामे पर प्राचार्य की नजर पड़ गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने कथित तौर पर हंगामा कर रहे शाहपुर के मुकेश कौंडल और गौरव दो युवकों को हिरासत में ले लिया। कॉलेज प्राचार्य की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
वहीं, कॉलेज परिसर में उपस्थित छात्रों ने जब दो बाहरी युवकों को प्राध्यापक से झगड़ते देखा तो उन्होंने वहां दोनों की धुनाई भी कर दी। हालांकि बाद में पहुंची पुलिस आरोपियों को पकड़ कर थाने ले आई।
पुलिस के हवाले किए दोनों युवक : प्राचार्य
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्रॉचार्य प्रो. आरपी चोपड़ा ने कहा कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उन्होंने दो बाहरी युवकों को सिक्योरिटी गार्ड और प्राध्यापक से उलझते हुए देखा। मौके पर दोनों युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दोनों युवक नशे में धुत्त थे। वे कॉलेज में माहौल खराब कर रहे थे।
शिकायत पर दबोचे आरोपी : एसएचओ
धर्मशाला थाने के एसएचओ देशराज चंदरोटिया ने बताया कि शुक्रवार को धर्मशाला महाविद्यालय के प्राचार्य की शिकायत पर दो बाहरी युवकों को हिरासत में लिया गया है। दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस एक्ट-14 के तहत कार्रवाई कर रही है। दोनों आरोपियों का धर्मशाला अस्पताल में मेडिकल भी करवाया गया है।
