
धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में शनिवार को छात्रा से छेड़छाड़ पर जमकर लात-घूंसों की बरसात हुई। छात्रा के भाई ने कुछ युवकों को साथ लेकर कैंपस में आरोपी छात्र की जमकर धुनाई कर दी। शिक्षकों ने जैसे-तैसे आरोपी छात्र को हमलावरों से छुड़ाकर क्लास रूम में बंद कर उसकी जान बचाई और पुलिस को सूचित किया। इस पर छात्रा के भाई कक्षा में घुसने की कोशिश करते हुए प्राध्यापकों से भी उलझ पड़े। हालांकि, पुलिस ने स्थिति संभाली और दोनों पक्षों को थाने तलब कर लिया।
उधर, छात्रा का आरोप है कि आरोपी छात्र उसे कुछ दिन से तंग कर रहा था। शनिवार को उसने बाजू पकड़कर बदतमीजी की। इसकी शिकायत एससीए अध्यक्ष से की। उन्होंने आरोपी छात्र से पूछताछ करनी चाही तो वह उलझ पड़ा। तभी मौके पर पहुंचे छात्रा के भाई ने आरोपी छात्र की पिटाई कर डाली। एससीए अध्यक्ष आदित्य पंडित ने कहा कि छात्रा ने उनसे छेड़छाड़ की शिकायत थी। उन्होंने आरोपी छात्र से इस बारे में बात करनी चाही तो वह उनसे उलझ पड़ा। उन्होंने आरोपी छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
छेड़छाड़ मामले में केस दर्ज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि धर्मशाला कालेज में छात्रा से छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने आईपीसी 323 व 354 के तहत आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन जारी है तथा आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
