
धर्मशाला (निप्पी): भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए पहले टी ट्वेंटी मैच के शानदार आयोजन के बाद धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के कम से कम 10 मैच करवाने की तैयारी चल रही है। जानकारी के मुताबिक बी.सी.सी.आई. सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा है कि मार्च 2016 में होने वाले टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के 10 मैच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में करवाए जाएंगे।
मार्च, 2016 में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज धर्मशाला से होगा। इसके अलावा एच.पी.सी.ए. स्टेडियम धर्मशाला में इस महाकुंभ के दौरान 10 के करीब मैच करवाने का प्रयास किया जाएगा, जबकि इनमें से एक मैच भारतीय टीम का भी हो, इसके लिए एच.पी.सी.ए. प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि टी-20 विश्व कप के लिए देशभर में होने वाले मैचों के लिए 8 स्थानों को चयनित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस टी-20 के महाकुंभ में भारतीय टीम 4 मैच खेलेगी, जिसमें उनका यही प्रयास रहेगा कि एक मैच एच.पी.सी.ए. स्टेडियम धर्मशाला में भी भारतीय टीम का करवाया जाए। बी.सी.सी.आई. सचिव ने कहा कि धर्मशाला के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में उनका प्रयास है कि लीग मुकाबलों सहित 10 से 8 मैच धर्मशाला में आयोजित करवाए जाएं, ताकि प्रदेश के लोगों को इसका लाभ मिल सके और वह क्रिकेट के छोटे संस्करण के महाकुंभ का आनंद उठा सकें। इससे पूर्व उन्होंने एच.पी.सी.ए. द्वार चलाई जा रही क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह की अध्यक्षता की।
